मुख्यमंत्री नीतीश ने ऐतिहासिक गोलघर का जायजा लिया, अधिकारियों को दिए निर्देश
Awaz E Bihar••1 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
पटना, 11 जनवरी (एबीएन) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को गोलघर परिसर का दौरा किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसकी सुंदरता में वृद्धि और इसकी देखभाल बेहतर तरीके से की जाए, ताकि यह देखने में आकर्षक लगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज ऐतिहासिक गोलघर परिसर का दौरा कर वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। श्री कुमार ने दौरे के दौरान गोलघर परिसर के पार्क, गोलघर के स्ट्रक्चर की स्थिति, लाइट एंड साउंड और लेजर शो आदि का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गोलघर एक ऐतिहासिक धरोहर है और बड़ी संख्या में लोग इसे देखने आते हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि गोलघर परिसर की सुंदरता में वृद्धि और इसकी देखभाल बेहतर तरीके से की जाए, ताकि यह देखने में आकर्षक लगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में यहां शुरू किए गए लाइट एंड साउंड और लेजर शो का नियमित रूप से आयोजन किया जाए, इससे लोगों को इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले लोग गोलघर के ऐतिहासिक महत्व से अवगत हो सकें, इसके लिए यहां डिस्प्ले बोर्ड भी लगाए जाएं। गोलघर वास्तुकला का एक शानदार उदाहरण है, इसलिए इसके स्ट्रक्चर की देखभाल का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि इसे और बेहतर तरीके से संरक्षित किया जा सके। दौरे के दौरान जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिला मजिस्ट्रेट डॉ. त्यागराजन एसएम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।