पटना, 3 फरवरी (एबीएन)। बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के दिग्गज विधायक अनंत सिंह ने बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। इसके बाद वे पोडियम के पास पहुंचे और विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से हाथ मिलाकर अभिवादन किया। पटना सिविल कोर्ट ने उन्हें सोमवार को शपथ लेने की अनुमति दी थी। अनंत सिंह को चुनाव के दौरान हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और तब से वे बेउर जेल में बंद हैं। पटना सिविल कोर्ट के आदेश से उनकी शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि अदालत ने स्पष्ट कहा है कि उन्हें केवल शपथ ग्रहण के लिए विधानसभा में आने की अनुमति है और किसी अन्य गतिविधियों में भाग लेने की अनुमति नहीं है। शपथ ग्रहण के बाद वे न्यायिक हिरासत में वापस बेउर जेल चले गए।