जमीन विवाद में वृद्ध महिला की मौत, क्षेत्र में तनाव
Awaz E Bihar••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
बेतिया, 04 जनवरी (एबीएन) पश्चिमी चंपारण जिले के सिरिसिया थाना क्षेत्र के सिनुवारिया वार्ड नंबर-10 में जमीन विवाद के दौरान हुई मारपीट में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रामकली देवी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार की सुबह लगभग 7:30 बजे हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार सिनुवारिया गांव के निवासी मनमोहन और महातम यादव के बीच महज 10 इंच जमीन को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद ने तीव्रता पकड़ ली और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक पक्ष की महिला रामकली देवी अपने बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने महिला पर लोहे की कुदाल से हमला कर दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़ीं। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें लाठी-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल रामकली देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर सिरिसिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच), बेतिया भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर ट्रैफिक डीएसपी समेत आधा दर्जन थानों की पुलिस कैंप कर रही है। सिरिसिया थाना प्रभारी अनंत कुमार ने इस संबंध में बताया कि घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।