सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुँचाना जरूरी: अनिल कुमार
Awaz E Bihar••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
पटना, १५ दिसंबर (एबीएन) सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी), पटना के निदेशक अनिल कुमार ने सोमवार को कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाना बहुत जरूरी है। श्री कुमार ने आज आईपीआरडी, पटना के निदेशक के रूप में कार्यभार संभाला। कार्यभार संभालने के बाद निदेशक अनिल कुमार ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की और सभी शाखाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी को घर-घर तक पहुंचाना होगी। विशेष रूप से दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों और गांवों में रहने वाले लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचे इसके लिए विभाग हर संभव प्रयास करेगा। श्री कुमार ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि या गरीबी उन्मूलन से संबंधित सरकार की योजनाओं की सही जानकारी जनता तक पहुंचाना जरूरी है। विभाग डिजिटल मीडिया, पारंपरिक साधनों और जमीनी स्तर के अभियानों के माध्यम से इस बात को सुनिश्चित करेगा ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभों से वंचित न रह जाए। इस अवसर पर विभाग के अपर सचिव राजीव कुमार सिंह, विधु भूषण चौधरी, संयुक्त निदेशक रवि भूषण सहाय और विशेष कार्यकारी अधिकारी कुमारल सत्य नंद सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि अनिल कुमार इससे पहले अररिया के जिला मजिस्ट्रेट के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।