न्यायमूर्ति साहू पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने
Awaz E Bihar••0 व्यूज़•1 मिनट पढ़ें
पटना, (एबीएन) ओडिशा हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस संगम कुमार साहू ने बुधवार को पटना हाई कोर्ट के 47वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। उन्हें यह शपथ बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद उपस्थित सम्मानित अतिथियों ने जस्टिस साहू को बधाई दी और उनके कार्यकाल की सफलता के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। जस्टिस संगम कुमार साहू को एक अनुभवी, निष्पक्ष और संवेदनशील न्यायाधीश के रूप में जाना जाता है। उनके न्यायिक अनुभव से पटना हाई कोर्ट के कार्यों को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि न्यायपालिका लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और उन्हें विश्वास है कि जस्टिस साहू के नेतृत्व में पटना हाई कोर्ट न्याय और संवैधानिक मूल्यों को और मजबूत करेगी। लोक भवन में आयोजित शानदार शपथ ग्रहण समारोह में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सुधीर सिंह सहित पटना हाई कोर्ट के अन्य सम्मानित न्यायाधीश, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और न्यायिक व सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं।