बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार राज्यसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार होंगे
Awaz E Bihar••5 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
पटना, 03 मार्च (एबीएन) भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मंगलवार को बिहार से राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार के नामों की घोषणा कर दी है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और हेडक्वार्टर प्रभारी अरुण सिंह ने एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए बताया कि पार्टी ने बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार समेत असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से कुल 10 उम्मीदवारों के नामों की मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावित नामों को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंजूरी दे दी है।
नितिन नवीन बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से चार बार विधायक रह चुके हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने 14 दिसंबर को उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। इसके बाद जनवरी में वे निर्विरोध बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए।
उल्लेखनीय है कि बिहार से राज्यसभा के पांच सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है। इनमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के तीन और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के दो सदस्य शामिल हैं। जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के हरिवंश नारायण सिंह और रामनाथ ठाकुर, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेम चंद गुप्ता शामिल हैं।
बिहार विधानसभा में सदस्यों की कुल संख्या 243 है और राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों का समर्थन आवश्यक है। वर्तमान समय में एनडीए के पास 202 विधायकों का समर्थन हासिल है, जिसके आधार पर वे चार सीटें आसानी से जीत सकते हैं। दूसरी ओर महागठबंधन की कुल संख्या 35 है, जिसमें आरजेडी के 25 विधायक शामिल हैं। वर्तमान परिदृश्य में, आरजेडी को जीत के लिए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के पांच विधायकों और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के एक विधायक का समर्थन आवश्यक होगा।
चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन भरने की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित की गई है। 16 मार्च को मतदान होगा। मतदान के समापन के तुरंत बाद मतों की गणना की जाएगी और उसी दिन परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी।