नीतीश ने बख्तियारपुर में गंगा किनारे स्थित सीढ़ी घाट का दौरा किया और विकास कार्यों का जायजा लिया
Awaz E Bihar••1 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
पटना, 18 जनवरी (एबीएन) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को बख्तियारपुर में गंगा नदी के किनारे स्थित सीढ़ी घाट का दौरा किया और वहां किए गए विकास कार्यों का जायजा लिया। जायजे के दौरान मुख्यमंत्री ने गंगा रिवर फ्रंट डेवलपमेंट के तहत किए गए विकास कार्यों के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बचपन में वे अक्सर यहां सीढ़ी घाट पर नहाने आते थे। उन्होंने कहा कि रोजाना बड़ी संख्या में आसपास के श्रद्धालु यहां आते हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए इस घाट को बेहतर तरीके से विकसित किया गया है। अब श्रद्धालु आसानी से यहां आकर स्नान और पूजा अर्चना करते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर के सीढ़ी घाट स्थित श्री राधे कृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना कर राज्य की समृद्धि, शांति और विकास के लिए प्रार्थना की। उन्होंने प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व सांसद पंडित शीलभद्र याजी और उनकी पत्नी स्वर्गीय बालकेश्वरी याजी की समाधि पर गुलदस्ता चढ़ाकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इस अवसर पर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय कुमार झा, जिला मजिस्ट्रेट डॉ त्यागराजन एसएम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया।