राज्य में बड़े उद्योगों के साथ-साथ छोटे उद्योगों को भी समान अवसर और प्रोत्साहन दिए जाएंगे: उद्योग मंत्री
Awaz E Bihar••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
पटना, 28 फरवरी (एबीएन): उद्योग मंत्री डॉ दिलीप जैसवाल ने शनिवार को विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य में बिहार की सक्रिय और प्रभावी भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में बड़े उद्योगों के साथ-साथ छोटे, अति छोटे और मध्यम दर्जे के उद्योगों को भी समान अवसर और प्रोत्साहन प्रदान किए जाएंगे। राजधानी पटना के गांधी मैदान में आयोजित डेस्टिनेशन बिहार एक्सपो 2026 के तीसरे दिन के कार्यक्रम का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री सुमित कुमार सिंह और उद्योग मंत्री डॉ दिलीप कुमार जैसवाल ने किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री डॉ जैसवाल ने कहा कि बिहार अब औद्योगिक विकास के एक नए चरण में प्रवेश कर चुका है और राज्य सरकार का संकल्प है कि बिहार को आत्मनिर्भर और समृद्ध औद्योगिक राज्य बनाया जाए। उन्होंने विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य में बिहार की सक्रिय और प्रभावी भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में बड़े उद्योगों के साथ-साथ छोटे, अति छोटे और मध्यम दर्जे के उद्योगों को भी समान अवसर और प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा। डॉ जैसवाल ने कहा कि स्थिर शासन, उद्योग अनुकूल नीतियों और मजबूत बुनियादी ढांचे के कारण निवेशकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते क्षेत्रों में भी बिहार तेजी से अवसरों का केंद्र बनता जा रहा है, जो राज्य को भविष्य की अर्थव्यवस्था में मजबूत स्थान दिलाएगा।