राज्य की सभी बंद चीनी मिलों को जल्द शुरू करें : मुख्यमंत्री
Awaz E Bihar••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
मुख्यमंत्री ने 7 निश्चय-3 के तहत 'समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार' के लिए किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की. पटना, 13 फरवरी 2026: मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प सभागार 7 निश्चय 3 के तहत "समृद्ध उद्योग सशक्त बिहार" के लिए किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उद्योग विभाग के सचिव श्री कंदन कुमार ने मुख्यमंत्री को 'समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार' से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव श्री अभय कुमार सिंह एवं गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथल कुमार ने परियोजना के क्रियान्वयन हेतु अपने-अपने विभागों द्वारा किये जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के सेंथिल कुमार ने कहा कि गोपालगंज जिले की सासामुसा चीनी मिल को जल्द ही दोबारा शुरू किया जायेगा. समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य की सभी बंद चीनी मिलों को जल्द से जल्द चालू करने का निर्देश दिया. राज्य में पश्चिमी चंपारण जिले की चिनपटिया, पूर्वी चंपारण जिले की बरचकिया और मोतिहारी, गोपालगंज की सासामुसा, सारण जिले की मधुरा, मुजफ्फरपुर जिले की मोतीपुर, समस्तीपुर जिले की समस्तीपुर और दरभंगा जिले की सुकरी और रीम चीनी मिलें बंद हैं. यह अच्छी बात है कि सासामुसा चीनी मिल जल्द शुरू हो रही है. साथ ही बाकी बंद चीनी मिलों को भी जल्द से जल्द चालू करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 निश्चय के भाग 3 के तहत 'समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार' योजना का कार्यान्वयन सही ढंग से और तेजी से पूरा करें. पुरानी बंद चीनी मिलों के दोबारा खुलने से किसानों को काफी फायदा होगा और रोजगार के अवसर मिलेंगे. प्रदेश में नई चीनी मिलें स्थापित करने की कार्यवाही भी की जाय। बिहार को देश के 5 विकसित राज्यों में से एक बनाने के लिए कार्ययोजना के साथ कदम से कदम मिलाकर काम करें। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, विकास आयुक्त श्री मेहर कुमार सिंह, गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री के. सेंथल कुमार, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव श्री सी.के. अनिल, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव श्री अभय कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव श्री कुंदन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, सहकारिता विभाग के सचिव श्री धरमिंदर सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।