पंडित दीन दयाल उपाध्याय का पूरा जीवन देश और समाज के लिए समर्पित रहा: डॉक्टर प्रेम कुमार
Awaz E Bihar••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
पटना, 11 फरवरी बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉक्टर प्रेम कुमार ने बुधवार को कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पूरा जीवन देश और समाज के प्रति समर्पित रहा। डॉक्टर प्रेम कुमार ने आज अपने कार्यालय कक्ष में भारतीय जनसंघ के संस्थापक और महान राष्ट्रीय विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि "स्मरण दिवस" के अवसर पर उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉक्टर प्रेम कुमार ने इस अवसर पर कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पूरा जीवन देश और समाज के लिए समर्पित रहा। उन्होंने 'अंत्योदय के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान का जो सिद्धांत प्रस्तुत किया, वह आज भी नीति और शासन का आधार है। उनका 'एकात्म मानवता का सिद्धांत केवल एक राजनीतिक दर्शन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और मानव जीवन के मूल्यों पर आधारित समग्र विकास की अवधारणा है। डॉक्टर प्रेम कुमार ने कहा कि दीनदयाल जी का मानना था कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ नहीं पहुंचता, तब तक वास्तविक विकास अधूरा है। आज आवश्यकता इस बात की है कि हम उनके सिद्धांतों को अपनाते हुए सेवा, त्याग और राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता देते हुए काम करें। उन्होंने कहा कि 'स्मरण दिवस' हमें यह संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है कि हम सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भरता और अच्छे शासन के मार्ग पर चलकर उनके सपनों का भारत बनाने में अपना योगदान प्रदान करें। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री परमोद कुमार और विधायक मिथिलेश तिवारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया।