लालू परिवार के अपराधों की सूची लगातार बढ़ती जा रही है: संजय सरावगी
Awaz E Bihar••0 व्यूज़•2 मिनट पढ़ें
पटना, 9 जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने 'जमीन के बदले नौकरी घोटाला मामले में दिल्ली की विशेष सीबीआई अदालत द्वारा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के खिलाफ आरोप तय किए जाने के बाद कहा कि लालू यादव परिवार के अपराधों की सूची दिन-ब-दिन लंबी होती जा रही है। श्री जायसवाल ने अपने बयान में कहा कि कानून के हाथ लंबे होते हैं। देश में कानून सबसे बड़ा है और जिन लोगों ने भी भ्रष्टाचार किया है, उनके खिलाफ कानून अपना काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और घोटालों के मामलों में अदालत निर्धारित कानूनों के अनुसार आरोप तय करेगी और उचित फैसला सुनाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जमीन के बदले नौकरी के मामले में अदालत ने भी इस बात को स्वीकार किया है कि एक व्यापक आपराधिक साजिश के तहत इस अपराध को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि 15 साल के 'जंगल राज के दौरान बिहार में कई बड़े घोटाले हुए, जिनके परिणामस्वरूप लालू परिवार को हजारों करोड़ रुपये का फायदा हुआ और बिहार विकास के मामले में और पिछड़ता चला गया। उन्होंने कहा कि इन घोटालों के कारण बिहार की बहुत बदनामी हुई। रेल मंत्री के रूप में अपने शासनकाल में लालू यादव ने जो घोटाले किए, वे राष्ट्रीय स्तर के थे और इसके अलावा बिहार में भी इन लोगों ने कई घोटालों को अंजाम दिया। श्री जायसवाल ने कहा कि अदालत ने इस बात को भी स्वीकार किया है कि लालू यादव का पूरा परिवार एक राजनीतिक-अपराधिक सिंडिकेट चलाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस परिवार ने राजनीति को अपार धन कमाने का साधन समझकर इसका उपयोग किया और बिहार के सरकारी खजाने को लूटकर अपनी संपत्ति बनाई। उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों में बिहार की जनता ने स्पष्ट संदेश दे दिया था कि 'जंगल राज कायम करने वाली भ्रष्ट पार्टी और परिवार को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका नहीं है, इसके पहले भी लालू यादव चारा घोटाले में दोषी ठहराए जा चुके हैं।